100 विधायक वाले अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा का पलटवार, पंकज चौधरी ने कहा— ये सपा का दिवालियापन

WhatsApp Channel Join Now
100 विधायक वाले अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा का पलटवार, पंकज चौधरी ने कहा— ये सपा का दिवालियापन


लखनऊ, 23 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा उपमुख्यमंत्री को 100 विधायक लाकर मुख्यमंत्री बनाने संबंधी दिए गए बयान पर तीखा पलटवार किया है।

पंकज चौधरी ने कहा कि यह बयान विपक्ष की हताशा, निराशा और राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है। समाजवादी पार्टी के नेताओं को अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए, जहां लगातार जनाधार घट रहा है और संगठन कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में अनुशासन, संगठन और नेतृत्व की स्पष्ट व्यवस्था है, जबकि सपा में केवल परिवारवाद और अंतर्कलह ही दिखाई देता है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने पूर्ण बहुमत देकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार को जनसेवा के लिए चुना है। भाजपा सरकार विकास, सुशासन, कानून व्यवस्था और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही है। विपक्ष के पास जनहित के मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए वह इस तरह के अगंभीर और राजनीतिक रूप से अपरिपक्व बयान देकर सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया को यह समझना चाहिए कि उत्तर प्रदेश की जनता अब विकास और सुशासन की राजनीति को ही स्वीकार करती है। भाजपा सरकार के कार्यों से प्रदेश में निवेश, रोजगार, आधारभूत संरचना और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार हुए हैं, जिससे विपक्ष की जमीन खिसक चुकी है।

चौधरी ने कहा कि विपक्ष के नेता ऐसे बयान देने के बजाय जनता के मुद्दों पर सकारात्मक और रचनात्मक राजनीति करें। भारतीय जनता पार्टी पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सेवा में समर्पित है और विपक्ष के इस तरह के बयान भाजपा के संकल्प और जनसमर्थन को कमजोर नहीं कर सकते।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story