भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का वाराणसी में छह पॉइंट पर होगा भव्य स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का वाराणसी में छह पॉइंट पर होगा भव्य स्वागत


वाराणसी, 02 जनवरी (हि. स.)। बाबा भोलेनाथ की नगरी काशी में आगामी सात जनवरी को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के भव्य स्वागत की तैयारी में भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता जुट गए हैं। इस संबंध में शुक्रवार को सिगरा स्थित संपूर्णानंद स्टेडियम में भाजपा के महानगर अध्यक्ष ने बैठक कर प्रदेश अध्यक्ष पंकज के स्वागत की तैयारी की समीक्षा की।

बैठक में भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि भाजपा के नवघोषित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत के लिए छह पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। जो छह पॉइंट बनाया गया है, वहां पर भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। उसमें पहला पॉइंट आशापुर फ्लाईओवर के पास, दूसरा स्वागत प्वाइंट पहड़िया स्थित नवीन गल्ला मंडी का मुख्य द्वार, इसी तरह पांडेपुर चौराहे से पहले काली माता मंदिर मोड़, पुलिस लाइन चौराहे पर, कचहरी स्थित गोलघर चौराहा और इसके बाद अंतिम में छठे पॉइंट पर सर्किट हाउस मोड पर स्वागत होना तय हुआ है।

बैठक में यह भी तय हुआ कि वाराणसी में प्रदेश अध्यक्ष पंकज के पहुंचते ही शंखनाद और डमरू दल, पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी सहित महानगर के पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष, मोर्चा के अध्यक्ष, पार्षद एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श.चन्द्र

Share this story