नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा संगठन और होगा मजबूत : सांसद रमेश अवस्थी
कानपुर, 16 दिसम्बर (हि.स.)। भेंट के दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि नितिन नवीन का संगठनात्मक अनुभव एवं कार्यशैली पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उनके नेतृत्व में भाजपा संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी। यह बातें मंगलवार को राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय पर कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने भाजपा के नवमनोनीत राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से कही।
भारतीय जनता पार्टी के नवमनोनीत राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मंगलवार को राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय पर कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने भेंट की। इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने नितिन नवीन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिखित पुस्तक भेंट करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुभकामनाओं के लिए सांसद रमेश अवस्थी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग की अपेक्षा जताई।
यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें संगठनात्मक विषयों एवं देश के समसामयिक मुद्दों पर भी संक्षिप्त चर्चा हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

