भाजपा किसान मोर्चा ने देवरिया में पैना गांव के क्रांतिकारियों को किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा किसान मोर्चा ने देवरिया में पैना गांव के क्रांतिकारियों को किया नमन


देवरिया, 31 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा की ओर से शुक्रवार को देश की आजादी के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पैना गांव के क्रांतिकारियों को नमन किया। अमर क्रांतिकारियों के शहादत दिवस पर रामलीला मैदान स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बलिदान को याद किया।

इस अवसर पर किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा कि वर्ष 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में पैना गांव के वीरों ने अदम्य साहस और देशभक्ति का परिचय दिया था। उन्होंने बताया कि आजमगढ़ से सरयू नदी के रास्ते बरहज जा रहे अंग्रेजों के हथियार और खजाने पर कब्जा कर पैना के क्रांतिकारियों ने गांव को लगभग दो महीने तक अंग्रेजी शासन से मुक्त रखा।

उन्होंने कहा कि इस घटना से बौखलाई अंग्रेजी हुकूमत ने 31 जुलाई 1857 को पैना गांव को चारों ओर से घेर लिया और भीषण गोलीबारी की, जिसमें 395 ग्रामीण वीरगति को प्राप्त हुए।

उन्होंने कहा कि अपने पति और बेटों की शहादत का समाचार मिलने पर पैना की सैकड़ों वीरांगनाओं ने आत्मसम्मान और देशभक्ति की मिसाल पेश करते हुए सरयू नदी में जल-जौहर कर अपने प्राणों का बलिदान दिया।

अंबिकेश पांडेय ने कहा कि पैना के अमर क्रांतिकारियों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि देशवासियों को उनके त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में संजीव राय, रजनीश तिवारी, राजेन्द्र विक्रम सिंह, रत्नेश्वर गर्ग, संगम लाल कन्नौजिया, अमरेश सिंह, गोविंद कुशवाहा, अनुज त्रिपाठी, राहुल, सूरज सहित भाजपा किसान मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story