शिक्षक एवं स्नातक के सभी मतदाताओं तक पहुंचेगी भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक एवं स्नातक के सभी मतदाताओं तक पहुंचेगी भाजपा


शिक्षक एवं स्नातक के सभी मतदाताओं तक पहुंचेगी भाजपा


लखनऊ, 26 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में अवध क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों एवं प्रमुख नेताओं के साथ शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद निर्वाचन की तैयारियों को लेकर बैठक की। बैठक में चुनाव की रणनीति, मतदाता संपर्क, बूथ एवं पोलिंग सेंटर प्रबंधन तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में आगामी शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव में संगठन की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए बूथ स्तर तक सभी मतदाताओं तक पहुंचने के साथ ही प्रभावी चुनाव प्रबंधन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनाव की अंतिम मोर्चेबंदी का समय है और प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटना होगा। उन्होंने कहा कि नामांकन से ठीक एक दिन पहले तक मतदाता फॉर्म जमा कराए जा सकते हैं। जिन कार्यकर्ताओं के पास भरे हुए फॉर्म उपलब्ध हैं, उन्हें तत्काल जमा कराया जाए। उन्होंने कहा कि अब आवश्यकता प्रत्येक मतदाता तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचने, उससे संवाद करने और मतदान के दिन उसका मतदान सुनिश्चित कराने की है। कोई भी योग्य शिक्षक अथवा स्नातक मतदाता संपर्क से छूटना नहीं चाहिए। प्रत्येक कार्यकर्ता इसे अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझकर कार्य करे।

पन्ना प्रमुख व्यवस्था लागू करेगी भाजपा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहाहा कि सामान्य चुनावों की तरह शिक्षक एवं स्नातक चुनाव में भी पन्ना प्रमुख व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। प्रत्येक पन्ने के मतदाताओं को चिन्हित किया जाए, उनसे नियमित संपर्क हो और मतदान के दिन उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। चौधरी ने कहा कि शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों के साथ बैठकें आयोजित करने के साथ विधानसभा स्तर पर शिक्षक एवं स्नातक सम्मेलन भी तत्काल प्रारंभ किए जाएं। साथ ही मतदाताओं को बैलेट पेपर पर मतदान की सही प्रक्रिया की जानकारी दी जाए, ताकि तकनीकी अथवा प्रक्रिया संबंधी त्रुटि के कारण कोई मत निरस्त न हो।

प्रदेश अध्यक्ष ने प्रत्येक जिले में चुनाव कार्यालय स्थापित करने तथा कॉल सेंटर को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नामांकन के दिन पार्टी की पूरी ताकत प्रत्याशी के साथ दिखाई देनी चाहिए। मतदान के दिन मतदाताओं के लिए आवश्यक सहायता केंद्र, जलपान एवं अन्य व्यवस्थाएं भी व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाएं।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव भी लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तरह पूरी तैयारी, अनुशासन और सुदृढ़ संगठनात्मक रणनीति के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में सफलता के लिए सबसे महत्वपूर्ण है कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाता से सीधे संपर्क और संवाद स्थापित करे तथा मतदान के दिन उसके मतदान को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने कहा कि चुनाव का क्षेत्र व्यापक है और समय सीमित है। इसलिए अब चुनावी तैयारियों में गति के साथ-साथ कार्यों की नियमित समीक्षा भी आवश्यक है। प्रत्येक जिले, विधानसभा, मतदान केंद्र और मतदेय स्थल के स्तर पर जिम्मेदारियां स्पष्ट हों तथा उनकी निरंतर निगरानी की जाए।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता सूची संगठन की चुनावी रणनीति का आधार है। प्रत्येक पन्ने की समीक्षा करते हुए उसमें शामिल मतदाताओं से संपर्क की योजना बनाई जाए। पन्ना प्रमुख केवल नामित कार्यकर्ता न रहे, बल्कि वह अपने पन्ने के प्रत्येक मतदाता से संपर्क, संवाद और मतदान तक की जिम्मेदारी संभाले।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने निर्देश दिया कि अंतिम मतदाता सूचियां सभी संबंधित कार्यकर्ताओं और मतदान केंद्रों तक समय से पहुंचाई जाएं। मतदाता संपर्क के लिए क्षेत्रवार एवं पन्नावार योजना बनाकर प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा की जाए। शिक्षण संस्थानों और शिक्षक समुदाय से जुड़े प्रमुख लोगों के साथ संवाद बढ़ाया जाए तथा विधानसभा स्तर पर सम्मेलन एवं संपर्क कार्यक्रमों को गति दी जाए।

अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव में अवध क्षेत्र का संगठन पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी जिलों में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मतदाता संपर्क अभियान को और व्यापक बनाएंगे।

बैठक का संचालन अवध क्षेत्र के महामंत्री राजीव मिश्रा ने किया। बैठक में अवध क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story