मथुरा में दो दिन चला भाजपा का महामंथन, मिशन 2027 का तैयार हुआ रोडमैप

WhatsApp Channel Join Now
मथुरा में दो दिन चला भाजपा का महामंथन, मिशन 2027 का तैयार हुआ रोडमैप


टिकट बंटवारे और मॉनिटरिंग के लिए बनेगी नई टीम

मथुरा, 17 नवम्बर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी सियासी जमीन मजबूत करनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में मथुरा के फरह (परखम) क्षेत्र में पार्टी की दो दिवसीय उच्चस्तरीय योजना बैठक मंगलवार को संपन्न हो गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में हुए इस महामंथन में सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ ही विपक्ष की हर चुनौती से निपटने के लिए अचूक रणनीति तैयार की गई है।

फरह परखम में आयोजित इस दो दिवसीय मंथन शिविर में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के प्रमुख चिंतक, विशेषज्ञ और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में कुल मिलाकर करीब 55 प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने आगामी चुनाव की रूपरेखा पर गंभीरता से विचार किया।

बैठक का मुख्य जोर राष्ट्रीय और स्थानीय नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर रहा। इसके अलावा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक धार देने के विषयों पर मंथन हुआ। जनता के बीच पार्टी की पकड़ को और मजबूत करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियानों की रूपरेखा तैयार की गई, जिसमें बूथ और यूथ को साधने पर विशेष जोर दिया गया।

चुनावी रणनीति के तहत पार्टी ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब तक चुनाव से पहले क्षेत्रीय अध्यक्षों की तैनाती की जाती थी, लेकिन अब आलाकमान द्वारा एक विशेष नई टीम मैदान में उतारी जाएगी। यह टीम न केवल सभी गतिविधियों पर पैनी नजर रखेगी (मॉनिटरिंग करेगी), बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण में भी इसकी बेहद अहम भूमिका होगी। यह नई टीम सीधे अपनी रिपोर्ट राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपेगी।

दो दिनों तक चले इस महामंथन में सामने आए सभी सुझावों और रणनीतिक बिंदुओं की रिपोर्ट पहले दिन ही राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के समक्ष रख दी गई थी। बैठक के औपचारिक समापन के तुरंत बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरसाना में कार्यक्रम करके दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

अब पार्टी नेतृत्व मथुरा में तय की गई इस रणनीति को पूरी तरह धरातल पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ेगा, ताकि 2027 के विधानसभा रण में पार्टी एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी कर सके। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद माैर्य ने कहा भी कि भाजपा तीसरी बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। उन्हाेंने समाजवादी पार्टी काे नमाजवादी पार्टी करार दिया और कहा कि सपा पूरी तरह से खत्म हाे चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story