घर-घर जनसंपर्क कर गिनाईं उपलब्धियां, भाजपा नेता मनोज ने विपक्ष पर साधा निशाना
- लाभार्थियों से मुलाकात कर योजनाओं का फीडबैक भी लिया
- बोले, मोदी-योगी सरकार से खुश है जनता
मीरजापुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की मोदी-योगी सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं से आम जनता पूरी तरह संतुष्ट है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी दल केवल जातिवाद की राजनीति कर लोगों को भ्रमित करने में लगे हैं, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है।
मनोज जायसवाल ने यह बातें भाजपा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे गांव-बस्ती संपर्क अभियान के तहत नगर मंडल पूर्वी के शक्ति केंद्र चौबे टोला वार्ड में रविवार को जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ घर-घर पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से मुलाकात कर योजनाओं के असर का फीडबैक भी लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व नगर मंडल पूर्वी की अध्यक्ष डॉली अग्रहरि ने किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं और उत्तर प्रदेश ‘विकसित प्रदेश’ की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जनसंपर्क अभियान में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

