भाजपा नेता,समाजसेवी डॉक्टर रजनी सरीन पंच तत्व में विलीन
फर्रुखाबाद, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद की भाजपा की वरिष्ठ नेता, प्रख्यात चिकित्सक, साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ.रजनी सरीन का सोमवार को पूरे राजकीय सम्मान और भावपूर्ण माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। भाजपा के झंडे में लिपटे पार्थिव शरीर को हजारों नम आंखों ने अंतिम विदाई दी। अंतिम यात्रा लोहाई रोड स्थित आवास से प्रारंभ होकर नाला मछरट्टा, साहबगंज चौराहा होते हुए पांचाल घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंतिम संस्कार किया गया। अंकित सरीन ने अंतिम संस्कार किया बेटी पायल और कोयल भी मौजूद रही।
अंतिम यात्रा में सांसद, विधायक, नगर पालिका चेयरमैन सहित विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक, साहित्यिक एवं व्यावसायिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर अपनी प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी। डॉ. रजनी सरीन का जीवन समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा।वह भाजपा की राष्ट्रीय परिषद सदस्य रहीं तथा अनेक सामाजिक एवं शैक्षिक संस्थाओं से जुड़कर जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रहीं। उन्होंने चिकित्सा सेवा के साथ-साथ साहित्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया।
अंतिम संस्कार के दौरान उपस्थित डॉ मनोज मल्होत्रा, विनोद अग्निहोत्री, उदय पाल ,विजय, डॉ अंजलि, समाजसेवी संजय गर्ग सभी धर्म के लोगों ने अंतिम विदाई दी। जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

