चुनावी रणभूमि के लिए भाजपा का संगठनात्मक शंखनाद, बूथ विजय का रोडमैप तैयार

WhatsApp Channel Join Now
चुनावी रणभूमि के लिए भाजपा का संगठनात्मक शंखनाद, बूथ विजय का रोडमैप तैयार


—काशी एवं गोरक्ष क्षेत्र के दो दिवसीय विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग का समापन

—संगठन की असली ताकत बूथ पर सक्रियता,लगातार जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की जवाबदेही

वाराणसी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने और संगठन को बूथ स्तर तक अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी काशी एवं गोरक्ष क्षेत्र के दो दिवसीय विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग गुरूवार को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में चुनावी रणनीति, प्रदेश के सामाजिक एवं राजनीतिक परिदृश्य, बदलते सामाजिक समीकरणों, जनमत की प्रवृत्तियों और जमीनी चुनौतियों पर व्यापक मंथन किया गया। पीपीटी के माध्यम से विस्तारकों को विभिन्न क्षेत्रों की सामाजिक संरचना, राजनीतिक परिस्थितियों और स्थानीय विशेषताओं का विश्लेषणात्मक आकलन प्रस्तुत किया गया। प्रशिक्षण का मूल संदेश स्पष्ट रहा—मजबूत संगठनात्मक ढांचा, समाज के प्रत्येक वर्ग से सतत संवाद और बूथ स्तर पर सक्रियता ही चुनावी तैयारियों का मजबूत आधार है।

——विपक्ष के नैरेटिव का तथ्यों से जवाब दें कार्यकर्ता : जगदीश पटेल

प्रशिक्षण सत्र में उत्तर प्रदेश में चुनाव की द्रष्टि से सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियां ' विषय पर संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल ने कहा कि संगठन की प्रभावशीलता केवल राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे जनभावनाओं, स्थानीय समस्याओं और समाज की अपेक्षाओं की गहरी समझ के साथ धरातल पर दिखाई देना चाहिए। विस्तारकों को अपने-अपने क्षेत्रों की सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों का तथ्यपरक आकलन करते हुए जनसंपर्क को अधिक प्रभावी बनाना होगा।

उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता के बीच नकारात्मक नैरेटिव और भ्रम फैलाने का प्रयास करता है। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान संविधान बदलने को लेकर भ्रम फैलाए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भी जनता को भ्रमित करने की कोशिशों का तथ्यों और सरकार के कार्यों के आधार पर जवाब देना होगा। कार्यकर्ताओं को विपक्ष के आरोपों का प्रभावी प्रतिवाद करते हुए जनता के बीच अपनी बात स्पष्टता और मजबूती से रखनी चाहिए।

जगदीश पटेल ने पीडीए की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए विपक्ष की सामाजिक रणनीति पर सवाल उठाए। जगदीश पटेल ने पूर्ववर्ती सपा सरकार और वर्तमान योगी सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए कानून-व्यवस्था को प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारियों में सामाजिक समीकरणों की समझ, प्रभावी जनसंपर्क और मजबूत बूथ प्रबंधन की अहम भूमिका है। विस्तारकों को केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित रहने के बजाय स्थानीय समस्याओं को समझने, जनभावनाओं से जुड़ने और संगठन की नीतियों एवं सरकार के कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर ध्यान देना होगा।

——बूथ की मजबूती ही संगठन की असली ताकत : धर्मपाल सिंह

'संगठन संरचना एवं बूथ कार्य' विषय पर प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने संगठनात्मक मजबूती का स्पष्ट मंत्र देते हुए कहा कि चुनावी सफलता के लिए रणनीति तैयार करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उसे जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करना है। संगठन के प्रत्येक स्तर पर बेहतर समन्वय, कार्यकर्ताओं के दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण और जनसंपर्क अभियानों की निरंतरता इसके प्रमुख आधार हैं। उन्होंने बूथ को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए बूथ समितियों की सक्रियता, नियमित बैठकें, मतदाता संपर्क और स्थानीय समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता पर विशेष जोर दिया। धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि उनकी भूमिका केवल संगठनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन तक सीमित नहीं है। आम लोगों के बीच निरंतर उपस्थिति, नियमित संवाद और विश्वास का मजबूत रिश्ता बनाना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल संरचना से नहीं, बल्कि उस संरचना में सक्रिय कार्यकर्ताओं, स्पष्ट जिम्मेदारियों और सतत जनसंपर्क से सुनिश्चित होती है।

——विस्तारक संगठन और समाज के बीच प्रभावी सेतु : अशोक चौरसिया

काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग संगठन की राजनीतिक समझ, सामाजिक दृष्टि और कार्यक्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विस्तारक संगठन और समाज के बीच प्रभावी सेतु की भूमिका निभाते हैं। इसलिए उनका प्रशिक्षित, सक्रिय और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कार्य करने में सक्षम होना आवश्यक है।

——संगठनात्मक कार्यपद्धति और चुनावी तैयारियों पर हुआ मंथन

दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में काशी एवं गोरखपुर क्षेत्र के विस्तारकों, विधानसभा प्रभारियों और विधानसभा पालकों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान संगठनात्मक कार्यपद्धति, सामाजिक-राजनीतिक विश्लेषण, क्षेत्रवार परिस्थितियों, जनसंवाद, बूथ प्रबंधन और चुनावी तैयारियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की संरचना को अधिक सक्रिय बनाने, स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने, सामाजिक समीकरणों को समझने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री अनूप जायसवाल, क्षेत्र उपाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी और धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने किया।

बैठक में क्षेत्र अध्यक्ष गोरखपुर विनोद राय, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अमित राय, अनिता त्रिपाठी, क्षेत्रीय महामंत्री अनूप जायसवाल, क्षेत्रीय मंत्री जगदीश त्रिपाठी, डॉ. उत्तम ओझा, संतोष सोलापुरकर, शैलेंद्र मिश्रा, प्रवीण सिंह गौतम आदि की मौजूदगी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761659 Articles

Share this story