यूपी विधानसभा चुनाव के पूर्व सोशल मीडिया में भाजपा के साइबर योद्धा फिर दिखेंगे आक्रामक तेवर में
—सोशल मीडिया पर विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यों से जवाब दें : विनोद तावड़े
पार्टी की वाराणसी लोकसभा सोशल मीडिया कार्यशाला में डिजिटल रणनीति पर मंथन
वाराणसी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के साइबर योद्धा सोशल मीडिया में विरोधी दलों के खिलाफ फिर आक्रामक तेवर में दिखेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने शुक्रवार को कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए गुरूमंत्र दिया कि सोशल मीडिया पर विपक्ष के झूठ, फरेब और अफवाहों का जवाब कार्यकर्ताओं को सत्य और तथ्यों के आधार पर देना चाहिए। सोशल मीडिया अब केवल उपस्थिति दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि जनता से जुड़ने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को केवल नैरेटिव का अनुसरण नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर अपना नैरेटिव तैयार करना होगा।
उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े यहां कचहरी स्थित कमिश्नरी सभागार में पार्टी के वाराणसी लोकसभा की सोशल मीडिया कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डिजिटल मंचों पर सरकार की उपलब्धियों और काशी में हुए विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज का समय युवाओं को केवल सुनाने का नहीं, बल्कि उनसे सुनने का भी है। वर्ष 2000 के बाद पैदा हुई पीढ़ी ने 2014 से पहले की सरकारों के दौर को प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा है, इसलिए युवाओं को पहले और अब की स्थिति का अंतर तथ्यों के साथ बताना चाहिए। तावड़े ने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री साझा की जाए जो बदलाव और विकास की कहानी बताए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन तथा काशी में हुए विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में राष्ट्रीय सोशल मीडिया विभाग के सदस्य हर्ष चतुर्वेदी ने ‘काशी विकास गाथा’ पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने सोशल मीडिया की रणनीति में ‘तीन सी’—कंटेंट, क्रिएटिविटी और कंटीन्युटी यानी विषय, रचनात्मकता और निरंतरता—को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक काशी में 61 हजार करोड़ रुपये से अधिक की 727 परियोजनाओं में 536 पूरी हो चुकी हैं और 191 निर्माणाधीन हैं। यह आंकड़ा जून 2026 में जिला प्रशासन की ओर से भी जारी किया गया था।
केंद्रीय सोशल मीडिया के विकास पांडेय ने डिजिटल मंचों के बदलते स्वरूप और विभिन्न प्लेटफार्मों की प्रकृति पर जानकारी दी। उन्होंने संगठन की डिजिटल सक्रियता बढ़ाने तथा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की रणनीति बताई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और पं. दीनदयाल उपाध्याय व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पार्चन से हुआ। अतिथियों का स्वागत क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि और जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने किया। संचालन मधुकर चित्रांश ने किया।
कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष व क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, टी. राम, एमएलसी धर्मेंद्र राय, राकेश शर्मा, क्षेत्र सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर आदि की मौजूदगी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

