मन की बात से सकारात्मक सोच को मिल रही दिशा : प्रकाश पाल
कानपुर, 29 मार्च (हि.स.)। मन की बात कार्यक्रम आज देशवासियों के लिए प्रेरणा का एक सशक्त मंच बन गया है, जो समाज में सकारात्मक सोच को नई दिशा दे रहा है। इसके माध्यम से लोगों को न केवल जागरूक किया जा रहा है, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। ऐसे कार्यक्रम समाज को जोड़ने और आगे बढ़ाने का काम करते हैं।
यह बातें रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहीं। उन्हाेंने बताया कि श्याम नगर के भवानी नगर स्थित सेक्टर अध्यक्ष नरेश सिंह के आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुना गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष शिवराम भी मौजूद रहे और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने पर जोर देते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।
प्रधानमंत्री ने युवाओं को नवाचार और स्टार्टअप की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और स्वच्छता, डिजिटल सशक्तिकरण व जनभागीदारी को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने देशभर में चल रहे सामाजिक अभियानों की सराहना करते हुए नागरिकों से सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया। इस मौके पर अर्जुन बेरिया, संजीव बेरी, गौरव चतुर्वेदी, केपी सिंह चौहान और आशीष साहू सहित कई कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने प्रधानमंत्री के विचारों को अपनाने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

