उत्तर प्रदेश में भाजपा की ऐतिहासिक विजय आवश्यक : विनोद तावड़े

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश में भाजपा की ऐतिहासिक विजय आवश्यक : विनोद तावड़े


उत्तर प्रदेश में भाजपा की ऐतिहासिक विजय आवश्यक : विनोद तावड़े


लखनऊ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने शुक्रवार को डा.राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2027 का चुनाव केवल उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का चुनाव है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर जाता है। इसलिए उत्तर प्रदेश में भाजपा की बड़े अंतर से ऐतिहासिक विजय आवश्यक है।

तावड़े ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए प्रसिद्ध व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई की रचना ‘भेड़ और भेड़िये’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी नए रूप और वादों के साथ जनता के बीच जाने का प्रयास कर रही है, लेकिन उसका वास्तविक चरित्र वही है, जिसे उत्तर प्रदेश की जनता वर्ष 2017 से पहले देख चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सपा सरकार के कार्यकाल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, विकास तथा जनकल्याण के क्षेत्र में हुए कार्यों का अंतर जनता के सामने रखें।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में विपक्ष की सरकार रहते हुए भाजपा ने अकेले 312 विधानसभा सीटें जीती थीं। आज केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के आधार पर उस ऐतिहासिक विजय को दोहराने का अवसर है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर माइक्रो मैनेजमेंट, घर-घर संपर्क और संगठनात्मक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है।

तावड़े ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संगठन के सामने जो लक्ष्य रखा है, उसे पूरा करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जुटना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 की 312 सीटों की ऐतिहासिक विजय को दोहराएगी।

तावड़े ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं केवल विकास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गरीबों, किसानों और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव की वास्तविक कहानियां जनता तक पहुंचानी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769638 Articles

Share this story