प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम कानपुर आगमन को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज, प्रदेश महामंत्री ने लिया स्वागत मार्ग का जायजा
कानपुर, 11 जनवरी (हि.स.)। आगामी शुक्रवार को प्रस्तावित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम कानपुर आगमन को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से भाजपा प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने रविवार को कानपुर में प्रस्तावित स्वागत मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया तथा इसके उपरांत एक वृहत बैठक का आयोजन किया।
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल सहित वरिष्ठ नेताओं के साथ जाजमऊ से लेकर एचबीटीयू तक प्रस्तावित मार्ग का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न स्वागत बिंदुओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में किसी प्रकार की कमी न रहे।
एचबीटीयू सभागार में प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को भव्य बनाने को लेकर एक वृहत बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आगमन से पूर्व पूरे कानपुर नगर को भाजपा व भगवा झंडों, होल्डिंग्स और स्वागत द्वारों से सजाया जाएगा। महानगर के सभी प्रमुख चौराहों को विशेष रूप से सजाया जाएगा।
बैठक में यह भी तय हुआ कि नगर में स्थापित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर आगमन से एक दिन पूर्व विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा विधिवत माल्यार्पण किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत हेतु 15 स्थानों पर भव्य स्वागत की योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसमें कानपुर महानगर के 10 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का काफिला जाजमऊ से लाल बंगला, फूलबाग, बड़ा चौराहा, चुन्नीगंज, मोतीझील होते हुए कोका-कोला चौराहा, गोल चौराहा, रावतपुर मार्ग से एचबीटीयू पहुंचेगा। एचबीटीयू में वह कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करेंगे।
बैठक में स्वागत एवं व्यवस्थाओं को लेकर वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि कार्यक्रम पूरी तरह सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बन सके।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

