संगठन से जनसंपर्क तक, भाजपा ने बैठक में तय किया अभियान का रोडमैप

WhatsApp Channel Join Now
संगठन से जनसंपर्क तक, भाजपा ने बैठक में तय किया अभियान का रोडमैप


- भाजपा की जिला बैठक में संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान पर जोर

मीरजापुर, 09 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की मासिक जिला बैठक मंगलवार को जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष जनविश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा चलाए जा रहे ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाना भाजपा की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जा सकता है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के सभी मंडलों में लाभार्थी संपर्क अभियान चलाकर सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों तक पहुंच बनाई जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों का उपयोग करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अनुशासन, समन्वय और संवाद संगठन की ताकत हैं। कार्यकर्ता इन्हीं मूल्यों के आधार पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही भाजपा का प्रमुख लक्ष्य है।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री स्वामीनाथ सिंह ने किया। इस अवसर पर नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य, नगर पालिका परिषद मीरजापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, जिला उपाध्यक्ष बालेन्दुमणि त्रिपाठी सहित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष एवं अन्य संगठनात्मक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story