देवरिया में भाजपा ने आयोजित किए बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, संगठन की मजबूती पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में भाजपा ने आयोजित किए बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, संगठन की मजबूती पर दिया जोर


देवरिया में भाजपा ने आयोजित किए बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, संगठन की मजबूती पर दिया जोर


देवरिया, 22 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने बुधवार को प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए। देवरिया, रामपुर कारखाना, रुद्रपुर, पथरदेवा, बरहज, सलेमपुर और भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित इन सम्मेलनों में बूथ संगठन को मजबूत बनाने, आगामी चुनावों की तैयारी तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

सम्मेलनों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ संगठन है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाए। साथ ही नए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने और संगठन विस्तार के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया गया।

देवरिया विधानसभा सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष ऋषिकांत राय मुख्य अतिथि तथा विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी संयोजक रहे। रामपुर कारखाना में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमचंद्र मिश्रा मुख्य अतिथि और विधायक सुरेंद्र चौरसिया संयोजक रहे।

इसी प्रकार रुद्रपुर में पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सिंह मुख्य अतिथि तथा विधायक जयप्रकाश निषाद और डॉ. रतनपाल सिंह संयोजक रहे। पथरदेवा में पूर्व विधायक रजनीकांत मणि मुख्य अतिथि एवं कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही संयोजक रहे। बरहज में पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही मुख्य अतिथि तथा विधायक दीपक मिश्रा 'शाका' संयोजक रहे। सलेमपुर में पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री देवेंद्र यादव मुख्य अतिथि और राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम संयोजक रहीं। भाटपार रानी में पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू मुख्य अतिथि तथा विधायक सभाकुंवर कुशवाहा संयोजक रहे।

सम्मेलनों के दौरान बूथ अध्यक्षों को सदस्यता अभियान, बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क, लाभार्थी संपर्क अभियान और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के संचालन को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। जिला संयोजक जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि त्रिपाठी, सह संयोजक प्रमोद शाही एवं जिला मंत्री अरविंद पांडे 'बबुना' ने भी संगठनात्मक विषयों पर जानकारी दी।

भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद के मार्गदर्शन में आयोजित इन सम्मेलनों के समापन पर उन्होंने सभी मुख्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती से आगामी चुनावों में पार्टी को लाभ मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story