प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगी भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगी भाजपा


प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगी भाजपा


भाजपा को सर्वव्यापी सर्वस्पर्शी बनाना प्रकोष्ठ संकुल का दायित्व: वीडी शर्मा

लखनऊ, 02 नवंबर (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनायेगी। समाज के प्रत्येक वर्ग तक भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक अभियान एवं कार्यक्रमों को पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रकोष्ठ संकुल की बैठक संपन्न हुई। भाजपा प्रकोष्ठ संकुल के राष्ट्रीय समन्वयक वीडी शर्मा,प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह व प्रकोष्ठ संकुल प्रदेश समन्वयक ओम प्रकाश श्रीवास्तव की उपस्थिति में आयोजित बैठक में शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता, व्यापारी, प्रोफेशनल्स को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर विचार किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रकोष्ठ संकुल के राष्ट्रीय समन्वयक वीडी शर्मा ने कहा कि प्रकोष्ठ संकुलों की दायित्व सर्वव्यापी भाजपा को सर्वस्पर्शी भाजपा बनाने का है। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक अभियान एवं कार्यक्रमों को पहुंचाने के साथ ही सरकार की योजनाओं तथा ऐतिहासिक निर्णयों को पहुंचाने का काम करना है।

वीडी शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को प्रकोष्ठ संकुलों का दायित्व सौंपा गया है। इन सभी को शिक्षकों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, दुग्ध उत्पादकों, नगर निकाय एवं पंचायत के जनप्रतिनिधियों, स्पोर्टस से जुडे़ युवाओं, रेहड़ी पटरी विक्रेताओं, वरिष्ठ नागरिकों, सहकारिता क्षेत्र सहित समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सम्पर्क और संवाद स्थापित करना है। इन वर्गों को भाजपा से जोड़ते हुए एसआईआर सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे निगेटिव-नेरेटिव का तथ्यात्मक जवाब देने वाले वर्ग को तैयार करना है और जनसमर्थन प्राप्त करना है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण के काम मेें भी सभी को सक्रिय सहभागिता निभानी है। युवाओं, महिलाओं तथा अन्य सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का काम करना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित ना रहे।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि सम्पर्क, संवाद, समन्वय के माध्यम से शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता, व्यापारी, प्रोफेशनल्स, रेहड़ी, पटरी विक्रेता, मजदूर सहित समाज के सभी वर्गों को संगठित करके भाजपा के साथ जोड़ना है और एक कार्यकर्ता के रूप में उनका विकसित करने का प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि संगठन ने आपसभी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है और आप सभी से अपेक्षा है कि अपनी क्षमताओं का पूरा उपयोग करते हुए परिश्रम, समर्पण एवं सक्रियता के साथ काम करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी विजय में सहभागी बनेंगे।

बैठक में प्रकोष्ठ संकुल प्रदेश सहसमन्वयक संतराम यादव एवं मिथिलेश त्रिपाठी की उपस्थिति में, शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एमएलसी पवन सिंह चौहान,सह संयोजक पायलट राजेश त्यागी,पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, पूर्व विधायक सुरेश तिवारी,दिनेश तिवारी सहित प्रदेश के प्रकोष्ठ संकुलों के प्रदेश संयोजक, प्रदेश सहसंयोजक एवं सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story