उपचुनावः 11 वोट से भाजपा प्रत्याशी नितिन की जीत
मीरजापुर, 07 मई (हि.स.)। नगर के बुन्देलखण्डी वार्ड नं. 36 के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नितिन केशरवानी ने बेहद रोमांचक मुकाबले में 11 मतों से जीत दर्ज की।
कांटे की टक्कर वाले इस चुनाव में नितिन को कुल 709 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रवि टण्डन को 698 मत प्राप्त हुए।
समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नागेंद्र तिवारी 636 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं दाऊ दयाल को 216 मत मिले और 5 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।
गुरूवार को मतगणना के दौरान आखिरी दौर तक मुकाबला बेहद दिलचस्प बना रहा। महज 11 वोटों के अंतर से मिली जीत ने चुनाव को चर्चा का विषय बना दिया।
जीत के बाद नितिन केशरवानी ने वार्ड की जनता का आभार जताते हुए कहा कि यह जनता के विश्वास और भाजपा की नीतियों की जीत है।
उन्होंने बताया कि उनके पिता वार्ड नं. 36 के सभासद थे और उनके निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। पार्टी ने उन पर भरोसा जताया और जनता ने समर्थन देकर उन्हें विजयी बनाया।
नितिन ने कहा कि वह वार्ड के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। भाजपा की इस जीत से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

