राष्ट्र सेवा का सशक्त माध्यम है भाजपा : नन्दी
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा-अभियान में सम्मिलित हुए मंत्री नन्दी
प्रयागराज, 03 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सशक्त माध्यम है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उक्त बातें शुक्रवार को नैनी स्थित अभिनंदन बैंक्वेट हॉल एवं कीडगंज के नेता नगर स्थित पंजाबी सभा में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा-अभियान’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कही।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यशाला में विचारधारा, अनुशासन एवं संगठनात्मक क्षमता को मजबूत करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने एकात्म मानववाद विषय पर विचार रखते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका बताई।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सशक्त माध्यम है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होते हैं और उनकी सक्रियता से ही योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू होती हैं।
मंत्री नन्दी ने कहा कि यह प्रशिक्षण महा-अभियान संगठन की वैचारिक मजबूती, कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास एवं जनसेवा के प्रति समर्पण को और अधिक सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
मंत्री नन्दी ने इस अवसर पर उपस्थित सभी पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए संगठन की नीतियों, सिद्धांतों एवं राष्ट्रहित में उनके योगदान पर सार्थक चर्चा की।
इस दौरान भाजपा नैनी मंडल अध्यक्ष रजत दुबे, कीडगंज मंडल अध्यक्ष कबीर जायसवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारीगण एवं समर्पित कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

