देवरिया विधानसभा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में 392 बूथ अध्यक्ष सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया विधानसभा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में 392 बूथ अध्यक्ष सम्मानित


देवरिया, 23 जुलाई (हि.स.)। देवरिया में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के देवरिया विधानसभा क्षेत्र का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन गुरुवार को उत्साह और जोश के साथ आयोजित किया गया। सम्मेलन में विधानसभा क्षेत्र के 392 बूथ अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना तथा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत बूथ अध्यक्षों के स्वागत से हुई। सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने सभी बूथ अध्यक्षों पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा सभागार भारत माता की जय और भाजपा जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा, जिससे माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण हो गया।

मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड के उपसभापति ऋषिकांत राय ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे मजबूत कड़ी होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ की मजबूती ही चुनावी विजय की नीव है। कार्यकर्ताओं की निष्ठा, परिश्रम और समर्पण के कारण ही भाजपा लगातार जनता का विश्वास जीत रही है।

सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं का सम्मान संगठन की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों को पार्टी की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनके अथक परिश्रम और जनसंपर्क के कारण ही भाजपा हर चुनाव में ऐतिहासिक सफलता हासिल करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कहा कि भाजपा ने हमेशा अपने कार्यकर्ताओं को सम्मान और पहचान दी है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्षों की मेहनत और समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और यही शक्ति आगामी विधानसभा चुनाव में भी जीत सुनिश्चित करेगी।

सम्मेलन में बैतालपुर मंडल अध्यक्ष राजेश निषाद, देवरिया मंडल अध्यक्ष राजन यादव, देवरिया नगर अध्यक्ष अटल बरनवाल तथा गौरीबाजार मंडल अध्यक्ष बृजेश गुप्ता सहित सभी 392 बूथ अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक कृष्णनाथ राय ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि त्रिपाठी, प्रमोद शाही, जिला मंत्री अरविंद पांडेय, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन मिश्र, रामाज्ञा चौहान, सरिता प्रकाश, प्रदीप मद्धेशिया, गोविंद कुशवाहा, जितेंद्र कुमार सिंह, सत्येंद्र मणि, अभिषेक जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story