मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर विंध्यधाम में विशेष पूजन, हवन और आरती

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर विंध्यधाम में विशेष पूजन, हवन और आरती


मीरजापुर, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिवस के अवसर पर शुक्रवार को विश्व विख्यात मां विंध्यवासिनी धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। तीर्थ पुरोहितों एवं श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी के चरणों में पूजन-अर्चन कर मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं प्रदेश की निरंतर उन्नति की कामना की।

प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में वैदिक अनुष्ठानों का क्रम प्रारंभ हो गया था। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां विंध्यवासिनी का विशेष श्रृंगार एवं पूजन संपन्न कराया गया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में विधि-विधानपूर्वक हवन का आयोजन किया गया, जिसमें आहुति देकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की मंगलकामना की गई।

हवन में प्रदेश के विकास, जनकल्याण, शांति और समृद्धि की भी विशेष प्रार्थना की गई। तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और जनसेवा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने मां विंध्यवासिनी से मुख्यमंत्री को निरंतर जनसेवा के लिए शक्ति, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करने की प्रार्थना की। हवन के उपरांत भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने सहभागिता की। आरती के दौरान मंदिर परिसर मां विंध्यवासिनी के जयघोष और वैदिक मंत्रों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल नेतृत्व तथा प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान प्रसाद वितरण भी किया गया। पूरे विंध्यधाम का वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। इस अवसर पर धनंजय उपाध्याय, शिवम पांडेय, रोहित त्रिपाठी, उत्तम पांडेय, कामेश भट्ट, पुक्कन तिवारी, हनुमान पांडेय, राजा पाल और टिकुन दुबे सहित अन्य श्रद्धालु, तीर्थ पुरोहित एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story