भगवान महावीर के आदर्श आज भी प्रासंगिक, ऋषभ जैन बोले- अहिंसा और करुणा ही सच्चा धर्म

WhatsApp Channel Join Now
भगवान महावीर के आदर्श आज भी प्रासंगिक, ऋषभ जैन बोले- अहिंसा और करुणा ही सच्चा धर्म


भगवान महावीर के आदर्श आज भी प्रासंगिक, ऋषभ जैन बोले- अहिंसा और करुणा ही सच्चा धर्म


भगवान महावीर के आदर्श आज भी प्रासंगिक, ऋषभ जैन बोले- अहिंसा और करुणा ही सच्चा धर्म


- भगवान महावीर के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का आह्वान

- भगवान महावीर के 2626वें जन्मोत्सव पर निकली शोभायात्रा

मीरजापुर, 30 मार्च (हि.स.)। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के 2626वें जन्म दिवस के अवसर पर सोमवार को मीरजापुर शहर में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। पारसनाथ दिगम्बर जैन मंदिर कटरा बाजीराव से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

शोभायात्रा इमरती रोड, भैसहिया टोला, गणेशगंज, लालडिग्गी, बूढ़ेनाथ, त्रिमोहानी, धुन्धी कटरा और चौबे टोला होते हुए बड़े मंदिर पहुंची। यहां भगवान महावीर स्वामी का अभिषेक एवं पूजन किया गया। इसके उपरांत एक विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। गोष्ठी में प्रबंधक संजीव कुमार जैन ने भगवान महावीर के जीवन, उनके सिद्धांतों और अहिंसा के महत्व पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष मनोज जैन ने कहा कि जब समाज में हिंसा, राग-द्वेष, क्रोध और लोभ का प्रभाव बढ़ रहा था, तब वैशाली की धरती पर भगवान महावीर का अवतरण हुआ। उन्होंने जियो और जीने दो तथा अहिंसा परमो धर्म का संदेश देकर मानवता को आत्मकल्याण का मार्ग दिखाया।

उत्तर प्रदेश निर्यात संवर्धन परिषद में कालीन एवं दरी सेक्टर के प्रतिनिधि, विक्रम कार्पेट्स के सीईओ और हथकरघा हस्तशिल्प निर्यातक कल्याण संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष 'अटल सम्मान 2024' से अलंकृत ऋषभ जैन ने कहा कि भगवान महावीर का जीवन आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उनके काल में था। उन्होंने बताया कि अहिंसा, सत्य और करुणा के सिद्धांत केवल धार्मिक उपदेश नहीं, बल्कि एक बेहतर समाज की नींव हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने दैनिक जीवन में भगवान महावीर के बताए मार्ग को अपनाएं तो समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारा स्वतः स्थापित हो सकता है। ऋषभ जैन ने युवाओं से आह्वान किया कि वे भगवान महावीर के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और किसी भी परिस्थिति में हिंसा व द्वेष से दूर रहकर प्रेम और संयम के मार्ग पर चलें।

श्रद्धालुओं काे शर्बत वितरित

शोभायात्रा के दौरान बूढ़ेनाथ पर संजय रैदानी और महावीर सेठिया ने श्रद्धालुओं को शर्बत वितरित किया। वहीं चौबे टोला स्थित बड़े मंदिर के पास मीरजापुर रोटरी क्लब ने भी सेवा कार्य किया। कार्यक्रम में अश्वनी जैन, दीपचन्द्र जैन, पूनम चन्द्र जैन, विक्रम जैन, सरिता जैन, किरन जैन, सुमन जैन, सारिका जैन, अनीता जैन, संगीता जैन, सीमा जैन, डॉ. मीना जैन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story