आमने-सामने भिड़ीं बाइकें, मजदूर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
आमने-सामने भिड़ीं बाइकें, मजदूर की मौत


मीरजापुर, 17 मार्च (हि.स.)। विंध्याचल थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर अकोढ़ी गांव के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक मौके से फरार हो गया।

अष्टभुजा चौकी क्षेत्र के रामपुर कौड़ियरा गांव निवासी 35 वर्षीय आशीष कुमार बिंद पुत्र नाथूराम बिंद नगर क्षेत्र से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह अकोढ़ी गांव के पास पहुंचा, विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आशीष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी सुनील मिश्र ने तत्काल घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंध्याचल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि आशीष मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और परिजन का रो-रो कर बेहाल हैं।

वहीं हादसे के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story