वडनगर से काशी पहुंचे 500 बाइक सेवा यात्री, बाबा विश्वनाथ का किया जलाभिषेक
-गुजरात की 10 पवित्र नदियों और शर्मिष्ठा तालाब के जल से अभिषेक, मैदागिन से निकली सांस्कृतिक शोभायात्रा में 51 महिलाएं कलश लेकर चलीं
वाराणसी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा कार्य के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘बाइक सेवा यात्रा’ के तहत गुजरात के वडनगर से काशी पहुंचे करीब 500 माेटरसाइकिल सवार सेवा यात्रियों ने बुधवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में हाजिरी लगाई। यात्रियों ने अपने साथ गुजरात की 10 पवित्र नदियों और शर्मिष्ठा तालाब का जल लाकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ के ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक किया।
इससे पहले सेवा यात्रियों का संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में पारंपरिक तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच हुए भव्य स्वागत से बाइक सेवा यात्री और भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए। स्वागत समारोह के बाद यात्रियों को बसों से मैदागिन लाया गया। यहां से भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बाइक सेवा यात्री गुजरात की पवित्र नदियों से लाए जल को लेकर सांस्कृतिक शोभायात्रा के रूप में श्री काशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना हुए। शोभायात्रा में 51 महिलाएं सिर पर कलश लेकर सबसे आगे चल रही थीं।
मैदागिन से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार तक निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। सांस्कृतिक यात्रा में शामिल सभी लोग एक साथ बाबा धाम में पहुंचे। इसके बाद मंदिर परिसर में करीब एक घंटे तक विशेष पूजन-अनुष्ठान किया गया और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया गया।
कलश यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। बाइक सेवा यात्रियों ने गुजरात से जिन पवित्र जलधाराओं का जल साथ लेकर आए, उनमें नर्मदा, साबरमती, माही, गोमती, विश्वामित्री, तापी, बनास, क्षेत्रुंजी, अजी और पंबा नदियों का जल शामिल है। इसके साथ ही शर्मिष्ठा तालाब का जल भी बाबा विश्वनाथ को अर्पित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

