जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी-बेटी गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी-बेटी गंभीर


मीरजापुर, 03 मई (हि.स.)। मीरजापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव के पास शनिवार रात हुए सड़क हादसे में घायल बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान रविवार को मंडलीय चिकित्सालय में मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।

मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरहना गांव निवासी 32 वर्षीय गोपाल दास मौर्य अपनी 30 वर्षीय पत्नी राजकुमारी मौर्य और 13 वर्षीय पुत्री पूजा के साथ बाइक से हलिया थाना क्षेत्र के परसिया कलां गांव स्थित ससुराल से वापस घर लौट रहे थे।

बताया गया कि जैसे ही वे भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव में यादव ढाबा के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार जेसीबी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने घायलों को हलिया पीएचसी भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान गोपाल दास मौर्य ने दम तोड़ दिया।

थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायल पत्नी और पुत्री का इलाज जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story