मीरजापुर : डिवाइडर से टकराई बाइक, घायल युवक की ट्रामा सेंटर में मौत

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : डिवाइडर से टकराई बाइक, घायल युवक की ट्रामा सेंटर में मौत


मीरजापुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले टेढ़वा पुलिस चौकी से करीब 300 मीटर पहले शनिवार सुबह बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की औराई स्थित ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई।

भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र स्थित उमापुर गांव निवासी पवन उपाध्याय (27) शनिवार सुबह करीब दस बजे घर से अपने खेत देखने सहसेपुर गांव जा रहे थे। वह चील्ह थाना क्षेत्र के टेढ़वा पुलिस चौकी अंतर्गत मार्ग पर पहुंचे थे कि उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को जानकारी दी। परिजन घायल पवन को औराई स्थित ट्रामा सेंटर ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उमापुर गांव के पूर्व प्रधान देवनाथ उपाध्याय ने भी हादसे में घायल युवक की मौत की पुष्टि की। पवन चार भाइयों में तीसरे नंबर का और अविवाहित था। थाना प्रभारी ब्रह्मदीन पांडेय ने बताया कि उपचार के दौरान युवक की मौत होने की जानकारी मिली है, लेकिन थाने पर किसी ने लिखित सूचना नहीं दी है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784572 Articles

Share this story