बाजार से लौटते समय खड़ी ट्राली से टकराई बाइक, चालक की मौत, दो साथी घायल
- चुनमुनिया पुलिया के पास हुआ हादसा, एक घायल मंडलीय अस्पताल रेफर
मीरजापुर, 19 अगस्त (हि.स.)। संतनगर थाना क्षेत्र के पटेहरा कला स्थित लालगंज-कलवारी मार्ग पर चुनमुनिया पुलिया के पास बुधवार रात खड़ी ट्राली से बाइक टकराने से चालक की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि दूसरे को उपचार के बाद घर भेज दिया।
मलुआ गांव निवासी 20 वर्षीय पंकज बाइक से 13 वर्षीय ऋषिकेश और 17 वर्षीय शिवम को लेकर बुधवार शाम दीपनगर बाजार सामान खरीदने गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे तीनों घर लौट रहे थे। चुनमुनिया पुलिया के पास सड़क पर खड़ी ट्राली में बाइक पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि पंकज की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घायल सड़क पर काफी देर तक कराहते रहे। राहगीरों की मदद से तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पटेहरा ले जाया गया। चिकित्सक डा. राजकुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश की हालत गंभीर देखते हुए उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। शिवम का उपचार करने के बाद उसे घर भेज दिया गया।
पंकज दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां फूलमैन देवी और पिता ओमप्रकाश का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
थानाध्यक्ष संतनगर ने बताया कि बाइक खड़ी ट्राली से टकराने के कारण दुर्घटना हुई, जिसमें बाइक चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

