मुख्यमंत्री स्वदेशी गौसंवर्धन योजना के अंतर्गत 28 लाभार्थियों का हुआ चयन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री स्वदेशी गौसंवर्धन योजना के अंतर्गत 28 लाभार्थियों का हुआ चयन


बिजनौर, 29 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना (नन्दबाबा दुग्ध मिशन) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद बिजनौर में पात्र लाभार्थियों का चयन बुधवार काे विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में ई-लॉटरी के माध्यम से पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत संपन्न कराया गया।

योजना के अंतर्गत जनपद से ऑनलाइन पोर्टल पर कुल 239 आवेदन प्राप्त हुए थे। संबंधित अधिकारियों ने सभी आवेदनों का परीक्षण किए जाने के उपरांत 154 आवेदन पात्र पाए गए। पात्र आवेदकों में से ई-लॉटरी के माध्यम से 28 लाभार्थियों का चयन किया गया, जिनमें 14 महिला एवं 14 पुरुष शामिल हैं। इस प्रकार योजना में महिला एवं पुरुष सहभागिता को समान महत्व प्रदान किया गया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना, पशुपालकों की आय में वृद्धि करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। नन्दबाबा दुग्ध मिशन के माध्यम से चयनित लाभार्थियों को डेयरी व्यवसाय के विकास के लिए शासन से निर्धारित सुविधाएं एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ई-लॉटरी की पूरी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं तकनीक आधारित रही, जिससे सभी पात्र आवेदकों को समान अवसर सुनिश्चित हो सके। उन्होंने चयनित लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे योजना का अधिकतम लाभ उठाकर अपने डेयरी व्यवसाय को सुदृढ़ करेंगे तथा जिले के दुग्ध उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी, नन्दबाबा दुग्ध मिशन विजय सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. लोकेश कुमार अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी तथा चयन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Share this story