शुगर मिल के स्टोर मैनेजर का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
शुगर मिल के स्टोर मैनेजर का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस


बिजनौर, 24 जून (हि.स.)। जनपद बिजनौर के स्योहारा नगर की मील भूड़ कॉलोनी में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब स्योहारा अवध शुगर मिल के स्टोर मैनेजर का शव उनके आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई तथा जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार विवेक शंकर (53) पुत्र शिवशंकर प्रसाद, मूल निवासी गाजियाबाद मुजफ्फरपुर (बिहार), स्योहारा स्थित शुगर मिल में स्टोर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और मील भूड़ कॉलोनी में रह रहे थे। बुधवार सुबह जब सहकर्मियों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल फोन लगातार बजता रहा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक संपर्क न होने पर चिंतित कर्मचारी उनके आवास पर पहुंचे।

बताया जाता है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कर्मचारियों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद प्लम्बर की सहायता से दरवाजा खुलवाया गया। दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। विवेक शंकर अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े हुए थे।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। बाद में फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद शुगर मिल कर्मचारियों और कॉलोनीवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Share this story