किसान पर हमला करने वाला गुलदार पिंजरे में कैद
बिजनौर, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के नूरपुर ब्लॉक स्थित गांव रहटा बिल्लोच में किसान पर हमला करने वाले गुलदार को वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया है। गुलदार के पकड़े जाने के बाद गांव में फैले डर का माहौल काफी हद तक शांत हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई पर राहत जताई है।
गांव रहटा बिल्लोच और आसपास के खेतों में पिछले कई दिनों से गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही थीं। सोमवार को गांव निवासी जाहिद हुसैन अपने खेत पर सिंचाई करने गए थे। इसी दौरान अचानक गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में जाहिद गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गुलदार को पकड़ने के लिए खेतों के पास पिंजरा लगाया। रात के दौरान गुलदार पिंजरे में फंस गया। मंगलवार सुबह जब किसान खेतों की ओर पहुंचे, तो गुलदार की दहाड़ सुनकर उन्हें उसके पिंजरे में कैद होने की जानकारी मिली। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को पिंजरे से दूर रखा।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गुलदार को पिंजरा सहित अपने कब्जे में ले लिया। चांदपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी दुष्यंत कुमार ने बताया कि पकड़ा गया गुलदार मादा है और उसकी उम्र करीब ढाई वर्ष है। विभागीय निर्देश मिलने के बाद उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

