जिलाधिकारी ने माध्यमिक विद्यालय तैमूरपुर का किया औचक निरीक्षण, छात्राें की संख्या अत्यंत कम हाेने पर व्यक्त की नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने माध्यमिक विद्यालय तैमूरपुर का किया औचक निरीक्षण, छात्राें की संख्या अत्यंत कम हाेने पर व्यक्त की नाराजगी


जिलाधिकारी ने माध्यमिक विद्यालय तैमूरपुर का किया औचक निरीक्षण, छात्राें की संख्या अत्यंत कम हाेने पर व्यक्त की नाराजगी


बिजनौर, 14 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने शुक्रवार काे विकासखंड मोहम्मदपुर देवमल क्षेत्रांतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय तैमूरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया तथा मौके पर विद्यार्थियों की संख्या अत्यंत कम पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने तथा नियमित रूप से पठन-पाठन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। मध्याह्न भोजन की व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रधानाध्यापक द्वारा अवगत कराया गया कि आज मध्याह्न भोजन में तहरी बनाई गई थी, लेकिन भोजन का कोई सैंपल मौके पर नहीं रखा गया था। जिलाधिकारी ने प्रतिदिन बने हुए मध्याह्न भोजन का सैंपल सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में विद्यालय में मध्याह्न भोजन के लिए पर्याप्त राशन भी उपलब्ध नहीं पाया गया। जिस पर प्रधानाध्यापक ने बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा विद्यालय में प्रतिदिन राशन भेजा जाता है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भोजन व्यवस्था की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुरूप मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में पाया गया कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं के मध्याह्न भोजन के लिए पर्याप्त बर्तन उपलब्ध नहीं हैं तथा बच्चे अपने घर से बर्तन लाकर भोजन करते हैं। इसके अतिरिक्त बच्चों के हाथ धोने के लिए विद्यालय में हैंडवॉश एवं साबुन की व्यवस्था भी नहीं मिली। जिलाधिकारी ने तत्काल विद्यालय में आवश्यक बर्तन उपलब्ध कराने तथा हैंडवॉश एवं साबुन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विद्यालय के निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा ग्राम रावली के निकट स्थित रपटे का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वर्तमान में उक्त रपटे पर आवागमन सुचारू रूप से संचालित पाया गया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को अवगत कराया कि नदी में पानी का स्तर अधिक होने की स्थिति में कोई भी व्यक्ति नदी पार न करे तथा सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष सावधानी बरते। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मध्य गंगा बैराज के बाएं अफलक बंध का भी निरीक्षण किया। मौके पर गंगा नदी का जलस्तर सामान्य स्थिति में पाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Share this story