डंपर ने युवक काे मारी टक्कर, सिर धड़ से हुआ अलग, अगले दिन बहन का था लग्न टीका

WhatsApp Channel Join Now
डंपर ने युवक काे मारी टक्कर, सिर धड़ से हुआ अलग, अगले दिन बहन का था लग्न टीका


बिजनौर, 27 अप्रैल (हि.स.)। जनपद बिजनौर के थाना रेहड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग 734 पर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से पैदल जा रहे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार देर रात करीब 12 बजे रेहड़ बस स्टैंड के पास हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई और युवक का सिर और पैर कटकर धड़ से अलग हो गए।

घटनास्थल पर आसपास के लोग आवाज सुनकर पहुंचे। तत्काल पुलिस को सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बटोरकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यह हादसा बहन के लग्न टीका से एक दिन पहले हुआ, जिससे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो पाई थी क्योंकि वह क्षत-विक्षत अवस्था में था। पुलिस ने सोमवार सुबह उसकी शिनाख्त के प्रयास किए, जिसके बाद मृतक की पहचान रेहड़ (दहलावाला) निवासी बलराज सिंह (उम्र 32 वर्ष) उर्फ बल्लू पुत्र प्रेम सिंह के रूप में हुई।

बड़े भाई सोमपाल ने बताया कि बलराज अविवाहित था और रेहड़ स्थित एक गैस एजेंसी में काम करता था। वह हाल ही में परिवार में हुई एक शादी के कारण छुट्टी पर था। एक दिन बाद बहन का लग्न टीका था और 08 मई को शादी थी। परिजनों ने यह भी बताया कि बलराज नशे का आदी था।

रेहड़ थानाध्यक्ष राजीव वर्मा ने बताया कि अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Share this story