प्रधानमंत्री की अपील पर किसानों ने बैल बुग्गी से गांव-गांव जाकर की स्थापना दिवस में शामिल होने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री की अपील पर किसानों ने बैल बुग्गी से गांव-गांव जाकर की स्थापना दिवस में शामिल होने की अपील


प्रधानमंत्री की अपील पर किसानों ने बैल बुग्गी से गांव-गांव जाकर की स्थापना दिवस में शामिल होने की अपील


बिजनौर, 14 मई (हि.स.)| महात्मा महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर संगठन का स्थापना दिवस को सफल बनाने के लिए भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्याक्ष नितिन सिरोही के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने बैल बुग्गी से गांव-गांव जाकर प्रचार प्रसार किया। अधिक से अधिक किसानों से कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया।

चांदपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम बागड़पुर में 15 मई काे भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक द्वारा महात्मा महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर संगठन का स्थापना दिवस पानी बचाओ, पेड़ बचाओ, मिट्टी बचाओ, खेत बचाओ संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाएगा। संगठन प्रतिवर्ष इस अवसर पर किसानों, युवाओं और समाज को पर्यावरण संरक्षण एवं कृषि बचाने का संकल्प दिलाने का कार्य करता है।

जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही के नेतृत्व में अतुल बालियान, शुभम कुमार, डैनी, कपिल कुमार, देवानंद भूमिहार, स्पर्श आदि पदाधिकारियों ने बैल बुग्गी से गांव-गांव जाकर प्रचार प्रसार किया। जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही ने बताया कि इस वर्ष भी कार्यक्रम में 1000 लोगों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही बरसात शुरू होते ही पौधारोपण के साथ उन पौधों को सुरक्षित रखने का अभियान भी चलाया जाएगा। नितिन सिरोही ने बताया कि कार्यक्रम में मिट्टी में लगातार कम हो रहे जीवांश कार्बन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने को लेकर कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी। इस गोष्ठी में उत्तर प्रदेश सरकार के जॉइंट डायरेक्टर कृषि विभाग जेपी चौधरी तथा कृषि विज्ञान केंद्र नगीना के वैज्ञानिक डॉ. के.के. सिंह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। मुख्य अतिथि के रूप में चौधरी दिगंबर सिंह संगठन निर्माण एवं किसान हितों के संकल्प पर प्रकाश डालेंगे।

जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही ने कहा कि देश तभी मजबूत होगा जब किसान समृद्ध होगा। देश के किसानों ने हर संकट में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल और डीजल की बचत की अपील की गई है, ऐसे समय में संगठन ने भी ऊर्जा संरक्षण का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और गांव-गांव लोगों को आमंत्रित करने के लिए संगठन के कार्यकर्ता पुराने पारंपरिक संसाधन ‘बैल बुग्गी’ का उपयोग कर रहे हैं, ताकि डीजल-पेट्रोल की बचत हो सके और लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा सके। जिलाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं और किसानों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग रेल और सार्वजनिक साधनों से कार्यक्रम स्थल बागड़पुर पहुंचें तथा जो लोग निजी वाहन से आएं, वे अपनी गाड़ियों में कोई सीट खाली न रखें, ताकि अनावश्यक रूप से डीजल और पेट्रोल की बर्बादी रोकी जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Share this story