कृषि विज्ञान संस्थान बीएचयू के छात्रों ने टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल के लिए रक्त व प्लाज्मा किया दान

WhatsApp Channel Join Now
कृषि विज्ञान संस्थान बीएचयू के छात्रों ने टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल के लिए रक्त व प्लाज्मा किया दान


वाराणसी, 22 अप्रैल (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान संस्थान के छात्रों ने बुधवार को मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल के मरीजों के लिए रक्त और प्लाज्मा दान किया। इस मानवीय पहल में बीएससी एग्रीकल्चर यूजी के छात्र वीर कुमार, आयुष हीरा, महेंद्र, प्रिंस कुमार,भूपेंद्र और श्वेताभ शामिल रहे। इन छात्रों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद कैंसर मरीजों की सहायता की और समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाई।

संस्थान के निदेशक डॉ. यू. पी. सिंह ने छात्रों के इस पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि कैंसर के उपचार के दौरान कई मरीजों को नियमित रूप से रक्त और प्लाज्मा की आवश्यकता होती है। एक व्यक्ति के प्लाज्मा से दो बच्चों की जान बचाई जा सकती है। बहुत सारे बच्चे इसके आभाव में अपनी जिंदगी खो बैठते हैं जो कि प्लाज्मा के उपलब्धता से बचाई जा सकती थी। ऐसे में इन छात्रों का यह योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय है और समाज के लोगों को भी इसमें अपनी भागीदारी दिखानी चाहिए।

छात्रों ने बताया कि वे भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहेंगे और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करेंगे। संस्थान के निदेशक की प्रेरणा से वाराणसी हेल्प ग्रुप ने शिविर लगाया था। जिसमें डिपार्टमेंट ऑफ डेयरी टेक्नोलॉजी बीएचयू के सहायक प्रोफेसर डॉ तरुन वर्मा, वाराणसी हेल्प ग्रुप के तरफ से हिमांशु गुप्ता और टाटा कैंसर अस्पताल की कर्मचारी खुशबु कुमारी ने बच्चों कों लगातार प्रोत्साहित किया। इस मानवीय प्रयास के माध्यम से छात्रों ने विश्वविद्यालय के मूलमंत्र “विद्या धर्मेण शोभते” को चरितार्थ करते हुए यह सिद्ध किया है कि सच्ची शिक्षा वही है जो समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story