बीएचयू अंतर-संकाय क्रिकेट टूर्नामेंट में विधि संकाय की शानदार जीत

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू अंतर-संकाय क्रिकेट टूर्नामेंट में विधि संकाय की शानदार जीत


— मेडिकल साइंस संस्थान को 5 विकेट से हराकर विधि संकाय ने दर्ज की जीत

वाराणसी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय क्रीड़ा बोर्ड द्वारा आयोजित अंतर-संकाय क्रिकेट (पुरुष) टूर्नामेंट 2026-27 के अंतर्गत बुधवार को एम्फीथिएटर क्रिकेट मैदान में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। खेले गए मुकाबले में विधि संकाय ने मेडिकल साइंस संस्थान को 05 विकेट से पराजित किया।

टॉस जीतकर विधि संकाय ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। मेडिकल साइंस संस्थान की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए। टीम की ओर से हिमांशु ने 35 रन (21 गेंद) तथा नवीन ने 26 रन का योगदान दिया। विधि संकाय की ओर से अभय ने 20 रन देकर 2 विकेट और चेतन ने 33 रन देकर 2 विकेट प्राप्त किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विधि संकाय की टीम ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर 144 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में दिव्य प्रकाश ने 55 गेंदों पर 59 रन तथा आदित्य यादव ने 28 गेंदों पर नाबाद 38 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। मेडिकल साइंस संस्थान की ओर से वेंकटेश ने 24 रन देकर 2 विकेट और अमित ने 13 रन देकर 1 विकेट लिया। विधि संकाय की ओर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए दिव्य प्रकाश और आदित्य यादव ने टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। इस जीत के साथ विधि संकाय ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का प्रदर्शन विश्वविद्यालय में क्रिकेट प्रतिभाओं, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और खेल उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की उपाध्यक्ष प्रो.अर्चना सिंह एवं महासचिव प्रो.ए.के. नेमा, विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सभी उप निदेशक एवं सहायक निदेशक उपस्थित रहे। आयोजन सचिव डॉ. वैभव राय के अनुसार इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना तथा प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761005 Articles

Share this story