भारतेंदु नाट्य अकादमी में पढ़ाई करेंगे बलिया के ट्विंकल और शुभम

WhatsApp Channel Join Now
भारतेंदु नाट्य अकादमी में पढ़ाई करेंगे बलिया के ट्विंकल और शुभम


बलिया, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के दो उदीयमान कलाकारों का चयन भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय से सम्बद्ध भारतेंदु नाट्य अकादमी लखनऊ में परास्नातक के लिए हुआ है। साहित्यिक और सांस्कृतिक संस्था संकल्प से जुड़े इन दो कलाकारों का चयन होने कला जगत में खुशी की लहर है।

भारतेंदु नाट्य अकादमी में प्रवेश हेतु कई चरणों से गुजरना होता है। इसमें अखिल भारतीय स्तर पर केवल 20 सीट है, जिसमें संकल्प संस्था के दो रंगकर्मियों ट्विंकल गुप्ता और शुभम सिंह द्वारा स्थान हासिल करना चर्चा का विषय है। ट्विंकल विगत 10 वर्षों से संकल्प संस्था से जुड़ कर रंगकर्म कर रही हैं। दर्जनों नाटकों में अभिनय व निर्देशन कर चुकी ट्विंकल इससे पहले राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय वाराणसी सेंटर से इंडियन क्लासिकल थियेटर में एक वर्षीय सर्टिफिकेट कोर्स कर चुकी हैं। ट्विंकल को भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय से नेशनल स्कालरशिप अवार्ड भी मिल चुका है। वहीं गाजीपुर जनपद के रहने वाले शुभम सिंह संकल्प संस्था से विगत दो वर्षों से जुड़े हैं। इस दौरान इन्होने कई कालजयी नाटकों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे पहले वे लखनऊ और वाराणसी में रहकर थियेटर करते थे। संकल्प के सचिव रंग निर्देशक व प्रशिक्षक आशीष त्रिवेदी ने दोनों कलाकारों को संस्था की ओर से बधाई दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Share this story