वाराणसी में सिंधी समाज ने निकाली भगवान झूलेलाल की भव्य ध्वजा यात्रा, दीपदान कर की सुख-समृद्धि की कामना

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में सिंधी समाज ने निकाली भगवान झूलेलाल की भव्य ध्वजा यात्रा, दीपदान कर की सुख-समृद्धि की कामना


वाराणसी, 12 नवंबर (हि.स.)। दिव्य कार्तिक मास के पावन अवसर पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश की धर्म नगरी वाराणसी में सिंधी समाज की ओर से भगवान झूलेलाल की भव्य ध्वजा यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा से पूर्व लक्सा स्थित झूलेलाल मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान झूलेलाल एवं हिंगलाज माता की प्रतिमाओं के समक्ष दीपदान कर पल्लव प्रार्थना की और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इसके पश्चात सिंधी समाज के जयप्रकाश बलानी ने भगवान झूलेलाल की पवित्र ध्वजा उठाकर यात्रा का शुभारंभ किया। ध्वजा यात्रा में समाज की महिलाओं ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भगवान झूलेलाल के जयकारों और संकीर्तन के बीच यात्रा लक्सा स्थित झूलेलाल मंदिर से प्रारंभ होकर प्रेम प्रकाश आश्रम, सिंधु नगर तक पहुंची।

मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर ध्वजा यात्रा का भव्य स्वागत किया। इससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। प्रेम प्रकाश आश्रम पहुंचने पर भगवान विष्णु एवं भगवान झूलेलाल की भव्य आरती की गई। इसी के साथ धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के वातावरण में ध्वजा यात्रा का समापन हुआ।

इस अवसर पर जे.पी. बलानी, सुरेश तुलस्यान, अनिल शर्मा, रोहित बलानी, हेमंत केशवानी, गोपाल सचदेवा, वासुदेव नागवानी, देवानंद वाध्या, मुस्कान शर्मा, अमृता अठवानी, लीना जजानी, जितेंद्र तलरेजा एवं चंद्रा सचदेवा सहित सिंधी समाज के अनेक लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

-

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775630 Articles

Share this story