योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाएं : पवन कुमार

WhatsApp Channel Join Now
योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाएं : पवन कुमार


मीरजापुर, 07 मई (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की योजनाओं एवं समितियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण एवं कल्याण नियमावली-2014 तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत गठित जिला स्तरीय समितियों की प्रगति पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। बैठक में विंध्याचल स्थित पटेगरा नाला वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि 150 क्षमता वाले वृद्धाश्रम में वर्तमान में 74 वृद्धजन रह रहे हैं, जिनमें 41 महिलाएं और 33 पुरुष शामिल हैं।

डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि वृद्धाश्रम में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए और माह में कम से कम दो बार स्वास्थ्य शिविर लगाकर दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने वृद्धाश्रम प्रबंधन को भी निर्देश दिया कि वृद्धजनों को शासन की ओर से निर्धारित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, सीएमओ डॉ. सीएल वर्मा, मुख्य कोषाधिकारी अर्चना त्रिपाठी, समाज कल्याण अधिकारी समेत सम्बंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story