फैमिली आईडी और फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर बीडीओ को चेतावनी, अगस्त तक सुधार नहीं तो कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
फैमिली आईडी और फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर बीडीओ को चेतावनी, अगस्त तक सुधार नहीं तो कार्रवाई


मीरजापुर, 13 अगस्त (हि.स.)। फैमिली आईडी और फार्मर रजिस्ट्री में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने नाराजगी जताई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगस्त माह के अंत तक प्रगति और रैंकिंग में सुधार नहीं हुआ तो खराब प्रदर्शन वाले खंड विकास अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला पंचायत सभागार में गुरूवार को जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार के साथ मुख्यमंत्री डैशबोर्ड जिला अनुश्रवण पुस्तिका में दर्ज विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि जीरो पावर्टी वाले परिवारों का अभियान चलाकर प्राथमिकता के आधार पर अंत्योदय और आयुष्मान कार्ड बनवाएं, ताकि पात्र परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास और एनआरएलएम में भी अगस्त तक अपेक्षित प्रगति लाने को कहा।

उन्होंने आईसीडीएस पोर्टल पर योजनाओं की जानकारी समय से अपलोड कराने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। आकांक्षात्मक विकासखंडों को सभी निर्धारित मानकों पर संतृप्त करने को भी कहा।

गौ आश्रय स्थलों में पेयजल, भूसा और पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने सभी बीडीओ को गौशालाओं का साप्ताहिक निरीक्षण कर कमियां दूर कराने को कहा।

बैठक में आईजीआरएस, पीएम सूर्यघर, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, मनरेगा, जल जीवन मिशन, पेंशन, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, पीएम पोषण समेत विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story