रामलीला में बालि-सुग्रीव युद्ध का मंचन, श्रीराम के बाण से हुआ बालि का अंत

WhatsApp Channel Join Now
रामलीला में बालि-सुग्रीव युद्ध का मंचन, श्रीराम के बाण से हुआ बालि का अंत


मीरजापुर, 28 नवंबर (हि.स.)। हलिया क्षेत्र के सगरा गांव में आदर्श रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला में शनिवार को बालि-सुग्रीव संवाद और युद्ध प्रसंग का मंचन किया गया। कलाकारों ने सजीव अभिनय से दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से जोड़ दिया। बालि के अंतिम क्षणों के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया।

मंचन में सुग्रीव ने अपने भाई बालि पर अन्याय करने का आरोप लगाते हुए उसे युद्ध के लिए ललकारा। सुग्रीव ने कहा कि बालि ने उसका राज्य छीनने के साथ ही उसकी पत्नी को भी अपने अधिकार में कर लिया और उसे वन में भटकने के लिए मजबूर किया। बालि ने अपने पराक्रम का बखान करते हुए सुग्रीव की चुनौती स्वीकार कर ली। दोनों भाइयों के बीच हुए युद्ध में बालि के प्रहार से सुग्रीव को पीछे हटना पड़ा।

इसके बाद सुग्रीव ने श्रीराम से सहायता मांगी। श्रीराम ने पहचान के लिए सुग्रीव को माला पहनाकर दोबारा युद्ध के लिए भेजा। दोनों भाइयों के बीच फिर घमासान हुआ। इसी दौरान श्रीराम ने वृक्ष की ओट से बाण चलाकर बालि को घायल कर दिया। भूमि पर गिरने के बाद बालि ने श्रीराम से छिपकर बाण चलाने का कारण पूछा। श्रीराम ने उसे भाई के साथ किए गए अन्याय और धर्म के उल्लंघन का दंड बताया। श्रीराम के समझाने पर बालि को अपनी भूल का एहसास हुआ। अंतिम समय में उसने पुत्र अंगद के भविष्य की चिंता जताई। श्रीराम ने अंगद को स्नेह और संरक्षण देने का आश्वासन दिया। बालि के अंतिम दृश्य पर मंच पर करुण संगीत गूंज उठा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story