बागपत : बड़ौत में अवैध कॉलोनियों पर छह विभागों की टीम करेगी निगरानी

WhatsApp Channel Join Now
बागपत : बड़ौत में अवैध कॉलोनियों पर छह विभागों की टीम करेगी निगरानी


बागपत, 26 नवंबर (हि.स.)। बागपत जिले के बड़ौत में अवैध कॉलोनियों और बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रहे निर्माण पर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। शहर के अनियोजित विस्तार पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल और पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने खुद कमान संभालते हुए बड़ौत का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।

अभियान पर नजर रखने के लिए लोक निर्माण विभाग, राजस्व, सिंचाई, एनएचएआई, विकास प्राधिकरण और पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई है। छह विभागों की यह टीम नियमित समीक्षा कर कार्रवाई की प्रगति पर नजर रखेगी। प्रशासन का उद्देश्य अवैध निर्माण पर रोक लगाने के साथ बड़ौत का सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना है।

कार्रवाई का विरोध करने पर दो मुकदमे

विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन कार्रवाई में बाधा डालने और अधिकारियों को धमकी देने के मामले में बड़ौत कोतवाली में दो एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। पहली रिपोर्ट में गौरव जैन, अमित राणा और अन्य के खिलाफ सराय रोड स्थित श्रीराम इंटर कॉलेज के पास करीब पांच हजार वर्गमीटर भूमि पर विकसित की जा रही कॉलोनी की कार्रवाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप हैं। दूसरी एफआईआर अमित राणा के खिलाफ दर्ज हुई है। इसमें प्रवर्तन टीम के काम में हस्तक्षेप और अधिकारियों से अभद्रता व धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने वाले लोगों को भविष्य में सड़क, नाली और जलनिकासी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए नागरिक भी जमीन खरीदने से पहले मानचित्र और जरूरी अनुमतियों की जांच करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बड़ौत का विकास नियमों के अनुसार होगा और सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story