बाराबंकी में कांवड़ मार्ग की मेडिकल दुकानों पर छापेमारी, प्रदर्शित करना होगा औषधि लाइसेंस

WhatsApp Channel Join Now
बाराबंकी में कांवड़ मार्ग की मेडिकल दुकानों पर छापेमारी, प्रदर्शित करना होगा औषधि लाइसेंस


बाराबंकी, 01 अगस्त (हि.स.) उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कांवड़ मार्ग पर स्थित मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण शुरू कर दिया है। जिला औषधि निरीक्षक रज़िया बानो ने शनिवार को महादेवा मार्ग पर संचालित मेडिकल स्टोरों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान गौतम मेडिकल स्टोर, वी.डी. वर्मा मेडिकल स्टोर, सौरभ मेडिकल स्टोर, तिवारी मेडिकल स्टोर, बी.के. मेडिकल स्टोर, लक्ष्मी मेडिकल स्टोर, प्रतिभा मेडिकल स्टोर सहित कुल 23 दवा प्रतिष्ठानों के लाइसेंस, अभिलेख और दवाओं की उपलब्धता की जांच की गई। दुकानदारों को श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क प्राथमिक उपचार एवं पेयजल स्टॉल लगाने के निर्देश भी दिए गए।

जिला औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर संचालकों को ओआरएस, दर्द निवारक, एंटीबायोटिक, एंटी-एलर्जिक दवाओं, प्राथमिक उपचार सामग्री, डिहाइड्रेशन और गैस्ट्रिक रोगों की दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्टोर के बाहर पेयजल, फर्स्ट एड डेस्क और संभव हो तो श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मेडिकल स्टोर पर औषधि लाइसेंस सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित होना चाहिए तथा बिना पंजीकृत फार्मासिस्ट के किसी भी दवा की बिक्री नहीं की जाएगी। सभी दवाओं की बिलिंग अनिवार्य होगी और एक्सपायरी दवाओं को अलग सुरक्षित रखा जाएगा। ब्लड सेंटर संचालकों को भी पर्याप्त रक्त उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story