रामसनेहीघाट में ट्रक-ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत, चार लाेग गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
रामसनेहीघाट में ट्रक-ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत, चार लाेग गंभीर


बाराबंकी 05 जुलाई (हि.स.) उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के रामसनेहीघाट भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर रविवार सुबह करीब चार बजे टड़िया गांव के पास ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार तीन लोग और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामसनेहीघाट में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक और ट्रैक्टर एक-दूसरे में बुरी तरह फंस गए। ट्रक चालक विनोद करीब दो घंटे तक केबिन में फंसा रहा। सूचना मिलते ही फायर विभाग, डायल-112 और कोतवाली रामसनेहीघाट पुलिस मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर लंबा जाम लग गया। दोनों क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर फंसे रहने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस और फायर विभाग ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद छोटे वाहनों का आवागमन शुरू कराया, जबकि ट्रक हटाने के बाद कई घंटे बाद बड़े वाहनों के लिए भी मार्ग बहाल हो सका।

घायलों की पहचान महेंद्र दीक्षित पुत्र नंदकिशोर, रामराज पुत्र सुखराम और रंजीत पुत्र बरन, निवासी टड़िया मजरा महुलारा तथा ट्रक चालक विनोद पुत्र शिवपाल, निवासी बुरे बक्तवाल मजरा पेरा सरैया, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है।

बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली भिटरिया से हैदरगढ़ की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक हैदरगढ़ से भिटरिया की तरफ आ रहा था। घायल रामराज के भाई मनीराम का आरोप है कि ट्रैक्टर अपनी लेन में चल रहा था। सामने से तेज रफ्तार ट्रक आता देख चालक ने वाहन को सड़क की पटरी पर उतार लिया,I लेकिन इसके बावजूद ट्रक ने टक्कर मार दी। उनका दावा है कि ट्रक चालक को संभवतः नींद की झपकी आने से हादसा हुआ।

सीएचसी रामसनेहीघाट में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. अनूप सैनी ने बताया कि सभी घायलों की हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज और आवश्यक जांच के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य करा दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story