ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, शव रखकर तीन घंटे तक जाम, प्रशासन के आश्वासन पर माने परिजन

WhatsApp Channel Join Now
ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, शव रखकर तीन घंटे तक जाम, प्रशासन के आश्वासन पर माने परिजन


बाराबंकी, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के घुंघटेर थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से एक युवक की मौत के बाद गुरुवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने युवक का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली वार्ता के बाद प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता और रोजगार का आश्वासन दिए जाने पर परिजन शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया।

घुंघटेर कस्बे के पास सुबह करीब नौ बजे 28 वर्षीय रामकुमार अपनी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।

इसी बीच परिजनों ने शव को एंबुलेंस से उतारकर मुख्य सड़क पर रख दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने मांग की कि मृतक के आश्रितों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने का लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।

जाम के कारण बाराबंकी-बहराइच मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई एंबुलेंस और यात्री वाहन भी जाम में फंस गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात बिगड़ते देख घुंघटेर, रामनगर, फतेहपुर और कोतवाली देहात थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई। बाद में एसडीएम तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत भी घटनास्थल पर पहुंचीं। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से लंबी वार्ता की। करीब दो घंटे तक चली बातचीत के बाद प्रशासन ने पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को संविदा पर रोजगार दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की अनुमति दी और जाम समाप्त हो गया।

क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और परिजनों की मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मृतक रामकुमार घुंघटेर क्षेत्र के एक मजरे का निवासी था और खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story