बुजुर्ग की माैत से आक्रोशित परिजनों ने की आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग, अंतिम संस्कार से किया इनकार

WhatsApp Channel Join Now
बुजुर्ग की माैत से आक्रोशित परिजनों ने की आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग, अंतिम संस्कार से किया इनकार


बाराबंकी, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद के कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के बरांवा गांव में जमीनी विवाद के बाद हुए खूनी संघर्ष में बुजुर्ग भगवानदीन की मौत के बाद गुरुवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब 2 बजे शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आक्रोशित परिजनों ने आरोपिताें की तत्काल गिरफ्तारी और उनके मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक भगवानदीन का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी परिजनों और ग्रामीणों से लगातार वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि स्थिति सामान्य हो सके।

गौरतलब है कि बरांवा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में बुजुर्ग भगवानदीन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि इस घटना में महिलाओं समेत कई अन्य लोग भी घायल हुए थे। थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे ने बताया पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

----------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story