बाराबंकी : जिलाधिकारी ने खुद भरी जनगणना की जानकारी, 30 नवंबर तक स्वगणना पूरी करने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
बाराबंकी : जिलाधिकारी ने खुद भरी जनगणना की जानकारी, 30 नवंबर तक स्वगणना पूरी करने की अपील


बाराबंकी, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज हैं। सोमवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी स्वगणना कर इसकी शुरुआत की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी स्वयं अपना विवरण ऑनलाइन दर्ज किया।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे भी घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्वगणना अवश्य करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास, सरकारी योजनाओं के निर्माण और संसाधनों के उचित नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बताया कि स्वगणना की सुविधा 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाकर मोबाइल नंबर से लॉगिन कर अपने मकान और परिवार से संबंधित निर्धारित जानकारी दर्ज कर सकते हैं। स्वगणना पूरी होने के बाद मिलने वाली विशिष्ट पहचान संख्या (एसईआईडी) को सुरक्षित रखना होगा। घर-घर जनगणना के दौरान प्रगणक को यह संख्या उपलब्ध करानी होगी, ताकि ऑनलाइन दर्ज विवरण का सत्यापन किया जा सके।

जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों, सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थानों से भी लोगों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता आवश्यक है। इस अवसर पर एडीएम निरंकार सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित राजस्व एवं चकबंदी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778041 Articles

Share this story