घर का ताला तोड़ कर चोर जेवरात समेत नगदी लेकर फरार, शादी में गया था परिवार
बाराबंकी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के थाना रामनगर के बुढ़वल गांव में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बना लिया और घर में रखे कीमती जेवरात समेत नगदी लेकर फरार हो गए।
ग्राम बुढ़वल निवासी संतोष कुमार मिश्रा अपने किसी रिश्तेदार के यहां टिकैत नगर शादी समारोह में गए थे। पीड़ित ने बताया कि घर से निकलते ही चोरों ने घर में धावा बोल दिया और दरवाजे का ताला तोड़कर कमरे के अंदर घुस गए। कमरे में रखी गोदरेज अलमारी तोड़ी और उसमें रखी लगभग बीस ग्राम की सोने की चेन सहित पचीस हजार की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित जब लौट कर घर आए तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा पड़ा है, गोदरेज अलमारी खुली पड़ी है तथा अन्य सामान बिखरा हुआ पड़ा है। पीड़ित ने इसकी सूचना पीआरबी 112 को दी। मौके पर पहुंची पीआरबी टीम ने थाना रामनगर को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे ने बताया कि तहरीर अभी तक नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

