पुलिस ने तीन अंतरजनपदीय चोरों को दबोचा, चोरी की बाइक व असलहा बरामद

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस ने तीन अंतरजनपदीय चोरों को दबोचा, चोरी की बाइक व असलहा बरामद


बाराबंकी 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी जिले की बदोसराय पुलिस ने चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की एक अपाची मोटरसाइकिल, एक बकरी तथा .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

बदोसराय थानाध्यक्ष राम औतार राम ने बताया कि बदोसराय पुलिस टीम ने 30 अगस्त को कोटवा सड़क के पास से अकील अंसारी निवासी शाहदतगंज थाना मसौली, शिवपूजन और अजीज अंसारी निवासी अशोकपुर डीहा थाना कटरा, जनपद गोंडा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि बरामद अपाची मोटरसाइकिल को आरोपितों ने 24 जून को टिकैतनगर थाना क्षेत्र स्थित एक स्वास्थ्य केंद्र से चोरी किया था। वहीं, बरामद बकरी को 30 अगस्त को कस्बा इचौली से चोरी किया गया था। दोनों घटनाओं के संबंध में टिकैतनगर थाने में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अकील अंसारी के खिलाफ बाराबंकी जिले के विभिन्न थानों में चोरी, वाहन चोरी, धोखाधड़ी, जालसाजी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत करीब 25 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, शिवपूजन और अजीज अंसारी के खिलाफ भी संबंधित चोरी की घटनाओं सहित मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। बरामदगी के आधार पर बदोसराय थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपितों को न्यायिक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया। -----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story