सपा ने एसआईआर में गड़बड़ी के खिलाफ किया पैदल मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग

WhatsApp Channel Join Now
सपा ने एसआईआर में गड़बड़ी के खिलाफ किया पैदल मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग


बांदा, 05 अक्टूबर (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण में गड़बड़ी और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के आराेप लगाते हुए समाजवादी पार्टी ने जनपद बांदा में सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष उमेश यादव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से अम्बेडकर पार्क तक पैदल मार्च निकाला। यहां डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद जुलूस जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा, जहां जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा गया।

ज्ञापन में सपा ने आरोप लगाया कि एस आई आर की प्रक्रिया में बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम प्रभावित होने की आशंका है। पार्टी ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाने से पहले उसे पर्याप्त सूचना देने और अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाना चाहिए। साथ ही प्रभावित मतदाताओं के नामों का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष सत्यापन कराने की मांग की गई। पैदल मार्च में विधायक विशंभर सिंह यादव, पूर्व मंत्री विशंभर निषाद, हसमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हाजी शकील अली समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story