बांदा पुलिस ने बैंकों व एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था परखी

WhatsApp Channel Join Now
बांदा पुलिस ने बैंकों व एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था परखी


बांदा, 23 फ़रवरी (हि.स)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में सोमवार को सघन बैंक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बैंकों, एटीएम एवं अन्य वित्तीय संस्थानों के आसपास होने वाली आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।

पुलिस टीमों ने बैंक शाखाओं, एटीएम केंद्रों और वित्तीय संस्थानों का गहन निरीक्षण किया। चेकिंग के दौरान सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई, जिसमें सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, आपातकालीन अलार्म सिस्टम, अग्निशामक यंत्र तथा आपातकालीन निकास मार्गों की स्थिति को परखा गया।

पुलिस अधिकारियों ने बैंक एवं एटीएम प्रबंधन को निर्देशित किया कि सभी सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे सक्रिय अवस्था में रखे जाएं। साथ ही बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्हें आश्वस्त किया गया और सतर्कता बनाए रखने की अपील की गई। अभियान के दौरान बैंक सुरक्षा गार्डों को भी निर्देश दिए गए कि ग्राहकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा कराया जाए।

इसके अतिरिक्त बैंकों और एटीएम के आसपास संदिग्ध रूप से खड़े अथवा घूम रहे व्यक्तियों एवं वाहनों की भी गहन जांच की गई। संदिग्ध पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों को कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story