बलरामपुर की बेटियां राष्ट्रपति को बांधेंगी राखी

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर की बेटियां राष्ट्रपति को बांधेंगी राखी


बलरामपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बलरामपुर की बेटियां राखी बांधेंगी। राष्ट्रपति भवन से आमंत्रण पत्र मिलने के बाद छात्राओं में प्रसन्नता व्याप्त है।

जनपद के नगर तुलसीपुर स्थित आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल की चार छात्राओं काे राखी बांधने के लिए राष्ट्रपति भवन से विशेष आमंत्रण मिलने के बाद सोमवार को छात्राएं शक्ति पीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने पीठाधीश्वर मिथिलेश नाथ योगी महाराज से मुलाकात कर उनसे आशीर्वाद लिया। मां पाटेश्वरी का पूजन किया। छात्राओं के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. डीपी सिंह और अध्यापिका अनीता गुप्ता भी मौजूद रहीं।

राष्ट्रपति को राखी बांधने वाली छात्राओं में कक्षा 12 की प्रगति पाठक, कक्षा 10 की हर्षिता यादव, कक्षा 12 की प्रस्तुति गुप्ता और कक्षा नाै की अनुष्का पांडेय शामिल हैं। छात्राओं के दिल्ली रवाना होने से पहले विद्यालय परिवार में भारी उत्साह है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, छात्राओं का यह दल 26 अगस्त को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर भी जाएगा। वहां छात्राएं महायोगी गुरु गोरखनाथ का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगी। इसके बाद गोरखपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

प्रधानाचार्य डॉ. डीपी सिंह ने इसे विद्यालय परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्हाेंने कहा कि सीमावर्ती और ग्रामीण अंचल के एक विद्यालय की छात्राओं को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति से मिलने और उन्हें रक्षासूत्र बांधने का अवसर मिलना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

Share this story